Monday, October 19th, 2026

पूर्व सांसद शहाबुद्दीन के भतीजे को जेल 

जमशेदपुर 
अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के गुर्गे अब्दुल माजिद कुट्टी को जमशेदपुर में पनाह देने वाले टेल्को बारीनगर के मो. इनाम अली को मानगो पुलिस ने शुक्रवार शाम जेल भेज दिया। वह बिहार के सीवान के पूर्व सांसद शहाबुद्दीन का भतीजा है। उसे गुरुवार शाम पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसका मोबाइल फोन पुलिस ने जब्त किया है। फोन में कुट्टी और उसके परिवार के अन्य सदस्यों से सम्पर्क का राज है। इसके अलावा उसके पास से उसका पासपोर्ट भी पुलिस ने जब्त किया है, जो दोबारा उसने बनाया था और उस पासपोर्ट से वह मलेशिया गया था। वर्ष 2009 में उसने मलेशिया जाकर कुट्टी से मुलाकात की थी। इसके अलावा वह उस पासपोर्ट से और कहां गया उसकी भी जांच की जा रही है।

इस मामले में एक एफआईआर इनाम के खिलाफ दर्ज की गई है, जिसमें माजिद उर्फ कुट्टी को भी आरोपी बनाया गया है। इसमें वर्ष 2000 में फर्जी पते के आधार पर पासपार्ट बनाने और गलत वेरीफिकेशन के आधार पर मानगो सहारा सिटी के डुप्लेक्स नम्बर 197 गोल्ड में रहने का आरोप है। प्राथमिकी में बताया गया कि ईनाम अली द्वारा ही अपने गलत पते के आधार पर दाऊद इब्राहिम के फरार चल रहे गुर्गे माजिद उर्फ कुट्टी के तमाम प्रमाणपत्र बनाए गए। इसकी जांच के लिए डीएसपी पवन कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था, जिसकी रिपोर्ट शुक्रवार को टीम ने एसएसपी को सौंपी। उसके बाद ही मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई। 

 

#पूर्व सांसद शहाबुद्दीन

Source : Agency

पाठको की राय